हनुमानगढ़। जिले के संगरिया क्षेत्र में टेम्पो चालक से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सुरेशिया गांव निवासी पृथ्वीराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 15 अप्रैल की रात वह रेलवे स्टेशन पर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान चार युवक धौलीपाल जाने के लिए उसके टेम्पो में सवार हुए। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपियों ने अपनी असली मंशा जाहिर कर दी। जब टेम्पो सिंहपुरा की ओर एक ढाणी के पास इन्द्रपुरा रोही नहर के नजदीक पहुंचा, तो आरोपियों ने वाहन रुकवा लिया। इसके बाद उन्होंने चालक के साथ मारपीट की और उसे जबरन एक पेड़ से बांध दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक की जेब से करीब 1500 रुपये नकद और मोबाइल फोन छीनकर टेम्पो सहित फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।
