हनुमानगढ़। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत पहले बैच का प्रशिक्षण दूसरे दिन भी नगर परिषद हनुमानगढ़ में जारी रहा। शहरी क्षेत्र के प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स के लिए आयोजित इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मकान सूचीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण लाइन क्रमांक, भवन क्रमांक, जनगणना मकान क्रमांक, परिवार क्रमांक सहित प्रश्नावली के प्रश्न संख्या 1 से 34 तक पूछे जाने वाले बिंदुओं की विस्तृत समझ प्रदान की गई। भारत में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना किए जाने के चलते फील्ड ट्रेनर गुरदयाल मेहरड़ा (प्रधानाचार्य) द्वारा डिजिटल ऐप के उपयोग, डेटा एंट्री और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। फील्ड ट्रेनर ओम प्रकाश नांदेवाल ने बताया कि जनगणना कार्य के दौरान सभी प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को धैर्य, संवेदनशीलता एवं शालीनता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि एकत्रित किए गए आंकड़े सटीक, विश्वसनीय और पूर्णतः गोपनीय बनाए रखें। वहीं, फील्ड ट्रेनर सुभाष राबिया और बनवारी लाल ने स्व-जनगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पोर्टल के माध्यम से इसे करने की पूरी विधि समझाई। उन्होंने सभी प्रगणकों व सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक नागरिक को स्व-जनगणना के लिए प्रेरित करें। प्रशिक्षण सत्र में सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर्स की उपस्थिति रही और उन्होंने सक्रिय रूप से भाग लेकर जनगणना प्रक्रिया को समझा।
