हनुमानगढ़। खेल भावना, ऊर्जा और उत्साह से सराबोर माहौल के बीच श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित खेल प्रतियोगिताओं ने पूरे परिसर को जीवंत कर दिया। छात्र-छात्राओं के जोश, प्रतिस्पर्धा और टीमवर्क का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला, जब छात्र कल्याण संगठन ‘स्पंदन’ के अंतर्गत गठित ‘उत्साह-द स्पोर्ट्स एंड फिटनेस क्लब’ की ओर से विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के करीब 500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत छात्र एवं छात्रा वर्ग के लिए रस्साकशी और 100 मीटर दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र वर्ग ‘ए’ में शिक्षा संकाय और खेल विभाग के बीच हुए मुकाबले में खेल विभाग की टीम विजेता रही। वहीं छात्र वर्ग ‘बी’ में फॉरेंसिक साइंस और पैरामेडिकल संकाय के बीच हुए मुकाबले में पैरामेडिकल टीम ने जीत दर्ज की। छात्रा वर्ग में शिक्षा संकाय और पैरामेडिकल संकाय के बीच मुकाबले में शिक्षा संकाय की टीम ने विजय हासिल की। 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी तेज रफ्तार और सहनशक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। ‘उत्साह’ क्लब की समन्वयक रमनदीप कौर ने बताया कि सभी विजेता टीमों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम है। प्रतियोगिता के दौरान मदनलाल शर्मा एवं अरविन्द कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
