हनुमानगढ़। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के द्वितीय बैच के दूसरे दिन का प्रशिक्षण नगर परिषद हनुमानगढ़ में निरंतर जारी रहा। इस दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मकान सूचीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य मकान सूचीकरण के अंतर्गत प्रश्न संख्या 17 से 34 तक की विस्तृत समझ विकसित करना रहा। फील्ड ट्रेनर गुरदयाल मेहरड़ा, प्रधानाचार्य ने बताया कि जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जो आगे की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। फील्ड ट्रेनर ओम प्रकाश नांदेवाल ने प्रशिक्षण के दौरान एचएलओ मोबाइल ऐप को डाउनलोड करने और उसके सावधानीपूर्वक उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल डाटा संग्रह करना जनगणना प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव है, जिससे कार्य अधिक सटीक और पारदर्शी होगा। वहीं, फील्ड ट्रेनर सुभाष राबिया और बनवारी लाल ने प्रश्न संख्या 17 से 34 तक के विषयों को विस्तार से समझाया और संभावित समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान भी बताए। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को फील्ड में आने वाली चुनौतियों के प्रति भी जागरूक किया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि मकान सूचीकरण और गणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे प्राप्त आंकड़े आवासीय आवश्यकताओं और योजनाओं के निर्माण में सहायक होते हैं। अंत में सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए इसे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ संपन्न करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
