हनुमानगढ़। सैलून फर्नीचर तैयार करने के नाम पर एक महिला से करीब साढ़े चार लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के अनुसार, टाउन में टिब्बी रोड आउटर सिंगल के पास वार्ड नम्बर 28 निवासी पूजा रानी (35) पत्नी मोहित वाल्मीकि ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में इस्तगासा पेश किया। इसमें बताया कि उसकी पहचान दिल्ली निवासी सबाब खान से पिछले 5-6 वर्षांे से थी, जो सैलून फर्नीचर बनाने का काम करता है और हनुमानगढ़ आता-जाता रहता था। पीड़िता के अनुसार, उसने भारत माता चौक स्थित अपने सैलून के लिए फर्नीचर बनवाने की बात कही, जिस पर आरोपी ने कुल खर्च करीब 6 लाख रुपए बताया और एडवांस के तौर पर 1.50 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद आरोपी ने फर्नीचर का सामान मंगवाने के नाम पर करीब 3 लाख रुपए और ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह कुल साढ़े चार लाख रुपए लेने के बाद आरोपी ने कुछ काम शुरू किया, लेकिन बाद में अधूरा छोड़कर दिल्ली चला गया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। दिसंबर 2025 में वह अपने परिचित के साथ दिल्ली जाकर आरोपी से मिली, जहां उसने काम जल्द पूरा करने का भरोसा दिया। लेकिन करीब एक माह पहले आरोपी ने साफ तौर पर काम करने से मना कर दिया और पैसे लौटाने से भी इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि उसने ठगी कर ली है और जो करना है कर लो। न्यायालय के आदेश पर टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक भूपसिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
