हनुमानगढ़। नोहर में भारतीय किसान संघ तहसील शाखा की बैठक पूर्व सरपंच हनुमान प्रसाद आर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद किसानों ने उपखंड अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में दुर्जाना सहित क्षेत्र में गहराए पेयजल संकट का शीघ्र समाधान करने तथा प्रत्येक गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही भविष्य में जल संकट से बचाव के लिए पर्याप्त जल भंडारण व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। किसान संघ ने मेघाना माइनर निर्माण में अमानक सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहली बार पानी छोड़े जाने पर ही माइनर टूट गई। किसानों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाकर माइनर का गुणवत्तापूर्ण निर्माण दोबारा करवाने की मांग की। इसके अलावा नोहर में गेहूं खरीद की मात्रा बढ़ाकर 5 लाख बैग तक खरीद सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। बैठक में अध्यक्ष राजेंद्र सिहाग, महामंत्री पृथ्वी साहू, प्रताप सारण, उपाध्यक्ष गंगाराम बेनीवाल, प्रेम गोदारा, हरिराम सुथार सहित कई किसान मौजूद रहे।
