हनुमानगढ़। डबलीराठान के मुख्य बस स्टैंड के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटर साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 21, डबलीबास मौलवी निवासी आत्मा सिंह (44) पुत्र रूप सिंह बावरी ने सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पिता रूप सिंह (71) पुत्र गुरुदिवान सिंह बावरी 7 मई की रात करीब 11 बजे अहमदपुरा से मोटर साइकिल पर अपने गांव डबलीराठान लौट रहे थे। इसी दौरान डबलीराठान के मुख्य बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रूप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे तो ट्रक घटनास्थल पर खड़ा मिला, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो चुका था। परिजनों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने लापरवाही और गफलतपूर्वक वाहन चलाते हुए यह हादसा किया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक कुलदीप मीणा को सौंपी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और वाहन से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
