हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में फतेहगढ़ मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की रिपोर्ट पर टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार टिब्बी तहसील के चक 3 एसएसडब्ल्यू की निवासी अमरो बाई (60) पत्नी मक्खन सिंह रायसिख ने टाउन थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई फौजा सिंह पुत्र गुलजार सिंह निवासी श्रीनगर, 7 मई की रात करीब 11 बजे किसी काम से टाउन आया हुआ था। इसी दौरान जब फौजा सिंह फतेहगढ़ मोड़ के पास पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि फौजा सिंह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान फौजा सिंह की मौत हो गई। परिजनों ने घटना की जांच की मांग करते हुए कहा कि फतेहगढ़ मोड़ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर अज्ञात वाहन और चालक की पहचान की जाए। साथ ही आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक उम्मेदराम को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
