हनुमानगढ़। विदेश भेजने और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर करीब 18 लाख 80 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश के बाद तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 9, तलवाड़ा झील निवासी कृष्ण सिंह (27) पुत्र जग्गासिंह ने न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया। परिवाद में आरोप लगाया गया कि राजू सिंह उर्फ बबू सिंह पुत्र सोहन सिंह निवासी तलवाड़ा झील, भूपेन्द्र सिंह पुत्र रेशम सिंह तथा हरजिंद्र कौर पत्नी भूपेन्द्र सिंह निवासी फिरोजपुर ने उसे विदेश भेजने का झांसा दिया। परिवादी ने बताया कि आरोपियों ने खुद को इमिग्रेशन एजेंट बताते हुए नाज इमिग्रेशन और यस प्लेनेट गाइड ओवरसीज के नाम से फिरोजपुर व चंडीगढ़ में सेंटर होने का दावा किया और वर्क वीजा दिलाने का भरोसा दिया। इसी विश्वास में आकर उसने अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट आरोपियों को सौंप दिए। आरोप है कि इसके बाद वीजा प्रक्रिया के नाम पर उससे अलग-अलग किश्तों में करीब 18.80 लाख रुपए वसूले गए, जिसमें चेक, नकद और बैंक ट्रांजैक्शन शामिल हैं। बाद में उसे फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर देकर बार-बार आश्वासन दिया गया कि जल्द ही यूके वीजा जारी हो जाएगा। परिवाद के अनुसार कुछ समय बाद आरोपियों ने वीजा कैंसिल होने की बात कहकर प्रक्रिया टाल दी और रकम लौटाने से भी इंकार कर दिया। हालांकि बीच में छोटी-छोटी रकम (20,000, 50,000 व 40,000 रुपए) वापस की गई, लेकिन अधिकांश राशि नहीं लौटाई गई। आरोप है कि 24 नवंबर 2025 को आरोपियों ने स्पष्ट रूप से ठगी स्वीकार करते हुए पैसे वापस करने से इनकार कर दिया और फोन बंद कर दिया। इसके बाद गांव में हुई पंचायत में भी उन्होंने पैसे लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अनुसंधान की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक फरसराम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, बैंक ट्रांजैक्शन और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।
