हनुमानगढ़। मोटर साइकिल बिक्री के बाद रकम न देने, जाली दस्तावेज तैयार करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर गोलूवाला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव उम्मेवाला निवासी लक्ष्मीनारायण (43) पुत्र चानणराम कुम्हार ने न्यायिक मजिस्ट्रेट पीलीबंगा के समक्ष इस्तगासा प्रस्तुत किया। परिवाद में टेकचंद पुत्र मामराज तथा मामराज पुत्र धनाराम निवासी 6 एसपीएम उम्मेवाला के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। परिवाद के अनुसार वर्ष 2023 में लक्ष्मीनारायण ने अपनी मोटर साइकिल टेकचंद को 50 हजार रुपए में बेची थी, जिसमें दो माह बाद भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था। मोटर साइकिल आरोपी को सौंप दी गई, लेकिन तय समय पर न तो भुगतान किया गया और न ही वाहन वापस किया गया। आरोप है कि बार-बार मांग करने पर भी आरोपियों ने रकम नहीं दी और मोटर साइकिल अपने पास रखी। बाद में पीड़ित की ओर से पुलिस में शिकायत करने पर आरोपियों ने उसके फर्जी हस्ताक्षर कर एक झूठा दस्तावेज तैयार किया, जिसमें भुगतान दर्शाया गया। परिवाद में यह भी आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि उसे झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर दबाव बनाया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक विजेन्द्र कुमार को सौंपी है। पुलिस मामले में दस्तावेजों, हस्ताक्षरों और लेन-देन की जांच कर रही है।
