– सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा जनाक्रोश, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
भादरा। गांव मलसीसर में किशोर रजत शर्मा के साथ हुई बर्बरतापूर्ण मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में भादरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार रात्रि को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भगवानाराम पुत्र चुन्नीराम जाट, चुन्नीराम पुत्र रामलाल जाट, मानसिंह पुत्र लाधूराम सुथार तथा प्रदीप उर्फ धोलू पुत्र महेंद्र कुमार जाट निवासी मलसीसर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को पीड़ित के पिता जितेन्द्र कुमार पुत्र बालकिशन ब्राह्मण निवासी मलसीसर ने भादरा पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया था। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका पुत्र रजत शर्मा शुक्रवार दोपहर बस में सवार होकर गांव लौट रहा था। इस दौरान किराया देने के बावजूद बस कंडक्टर हरपाल ने उसे टिकट नहीं दिया। टिकट मांगने पर कंडक्टर गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान बस में सवार गांव का ही भगवानाराम महिया भी रजत से उलझ गया और उसके साथ हाथापाई करने लगा। रिपोर्ट के अनुसार बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोप है कि भगवानाराम ने गांव में फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। जब बस मलसीसर बस स्टैंड पहुंची तो आरोपियों ने वाहन लगाकर बस को रुकवाया और रजत को नीचे उतार लिया। इसके बाद भगवानाराम, राकेश, प्रदीप, मानसिंह खाती सहित अन्य लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रजत शर्मा के चेहरे, आंख, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों के अनुसार उसके चेहरे की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। घायल रजत का उपचार हिसार में चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने थानाधिकारी हनुमानाराम बिश्नोई और जांच अधिकारी को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर चार आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच अभी जारी है। जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सिंह ने पीड़ित किशोर का मेडिकल परीक्षण भी करवाया है। इधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। सर्व समाज, एसएफआई और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भादरा उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। भादरा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को पहले शांति भंग और झगड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किया तथा सोमवार सुबह उन्हें पैदल ही भादरा पुलिस थाना से उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में अलग से कार्रवाई जारी है। इस संबंध में रविवार देर शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता ने भादरा पुलिस थाना में पत्रकार वार्ता कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
