हनुमानगढ़। टाउन स्थित एपेक्स भवन में सोमवार को एपेक्स क्लब हनुमानगढ़ टाउन का 50वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। महात्मा गांधी राजकीय चिकित्सालय के निकट आयोजित इस समारोह में सामाजिक, प्रशासनिक एवं विभिन्न क्लबों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्लब की 50 वर्षों की सामाजिक सेवा यात्रा को स्मरण करना तथा भविष्य की योजनाओं को साझा करना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक गणेश राज बंसल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज कल्याण अधिकारी विक्रम सिंह शेखावत उपस्थित रहे। वहीं विशेष आमंत्रित अतिथियों में राजेंद्र वेद, नीलम सोनी एवं डॉ. विशाल छाबड़ा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष डॉ. प्रदीप सहारण ने की। क्लब सचिव इंद्र पाहवा ने बताया कि एपेक्स क्लब हनुमानगढ़ की स्थापना वर्ष 1976 में हुई थी। क्लब लगातार सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज सेवा कर रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम का भावनात्मक क्षण वरिष्ठ सदस्य गुरमीत चावला के पिता स्वर्गीय जी.एस. चावला की आठवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा रही। उनकी स्मृति में गुरमीत चावला द्वारा चार स्पाइन बेड एवं एक स्पाइन हिप सीट दान की गई। साथ ही एपेक्स क्लब द्वारा एपेक्स लैब का सौंदर्यकरण कराया गया, जिसका अतिथियों ने विधिवत उद्घाटन किया। अतिथियों ने इस पहल को समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया। इस अवसर पर क्लब की ओर से विधायक गणेश राज बंसल के समक्ष जनहित में एक एम्बुलेंस उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी गई। विधायक ने कहा कि यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा नहीं आई तो विधायक कोटे से एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट चेयरमैन अजय सुखीजा एवं एलजी डॉ. पारस जैन ने भी क्लब की विकास गतिविधियों पर प्रकाश डाला। मंच संचालन कोषाध्यक्ष दिनेश तलवाड़िया ने किया। समारोह में जिला 5 के सूरतगढ़, अबोहर, डबवाली, संगरिया, नोहर एवं चंडीगढ़ से आए विभिन्न एपेक्स क्लबों के पदाधिकारी तथा एपेक्स क्लब, एपेक्स महिला क्लब और एपेक्स यूथ क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय सुनील सोंधी एवं पूर्व अध्यक्षों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
