– केन्टर में भरी 75 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, पंजाब निवासी आरोपी गिरफ्तार, टाउन थाना पुलिस ने रोही चक 1 केडब्ल्यूएम क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान की कार्रवाई
हनुमानगढ़। जिला पुलिस की ओर से अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख रुपए कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब से भरे एक केन्टर सहित पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में नशा एवं शराब तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम की ओर से कार्रवाई की गई।

एसपी मीणा ने बताया कि लखूवाली हैड पुलिस चौकी की टीम बुधवार शाम को रोही चक 1 केडब्ल्यूएम क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध केन्टर नम्बर पीबी 03 बीपी 0731 को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान केन्टर में हरी मिर्च की आड़ में छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की चंडीगढ़ निर्मित 612 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में अंकल टॉम मिंट जामुन फ्लेवर्ड वोडका, ऑल सीजंस रिजर्व व्हिस्की, ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विजिट व्हिस्की तथा जुबली स्पेशल व्हिस्की शामिल थी। पुलिस ने मौके से आरोपी लखविन्द्र सिंह उर्फ लक्की (26) पुत्र बलदेव सिंह उर्फ गछी उर्फ बिल्ला निवासी गांव बल्लुआना पंचायत ढाणी ठाकर सिंह पीएस सदर अबोहर जिला फाजिल्का (पंजाब) को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चंडीगढ़ से अवैध शराब लेकर गुजरात जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम सेक्टर हनुमानगढ़ की गोपनीय सूचना और साक्ष्य संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में लखूवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर सिंह, एएसआई जसवंत सिंह, हेड कांस्टेबल बेगाराम, कांस्टेबल रामनारायण और राकेश कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीणा ने कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
