हनुमानगढ़। सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जंक्शन स्थित संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। विद्यालय ने इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज किया। विद्यालय के छात्र मयंक पुत्र अमृत पाल धवन और छात्रा पूर्वी पुत्री राकेश कुमार ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। दोनों विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके अलावा गुरजीत कौर ने 93.8 प्रतिशत, हर्षिका मित्तल ने 93.6 प्रतिशत, रसनदीप ने 92.2 प्रतिशत, राजनप्रीत कौर ने 91.6 प्रतिशत, ट्विंकल ने 91.4 प्रतिशत तथा अंशिता ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कुल 38 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। विद्यालय के प्राचार्य एलबी सुब्बा ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से मिलती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने समर्पण और परिश्रम से विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी शिक्षा के साथ अनुशासन और उत्कृष्टता के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है।
