संगरिया। गुरु तेग बहादुर समिति की ओर से सोमवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नंबर-2 में कौशल विकास एवं सह-शिक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 17 मई से 15 जून तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में अब तक 35 विद्यार्थियों ने अपना नामांकन कराया है। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जय कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी एवं सेवा भारती के नगर संयोजक सतीश नागपाल विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि जय कौशिक ने विद्यार्थियों से ग्रीष्मकालीन अवकाश का सदुपयोग करते हुए प्रशिक्षण शिविर का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथियों अशोक चौधरी और सतीश नागपाल ने अपने विचार साझा करते हुए समिति को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। शिविर संचालक ओमप्रकाश कोटी ने शिविर के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिविर में डांस, सिलाई, कंप्यूटर, सॉफ्ट टॉयज निर्माण, साज-सज्जा, ब्यूटीशियन, रंगोली, पेंटिंग, मेहंदी, इलेक्ट्रीशियन, हैंडराइटिंग, स्पोकन इंग्लिश, कुकिंग (खाना खजाना), आत्मरक्षा प्रशिक्षण सहित पहाड़ी क्षेत्र में पांच दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। विद्यालय प्राचार्य सुगंधा बहल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय में शिविर आयोजित करने पर समिति पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। शिविर के सह-संचालक फूलसिंह शर्मा, विजयसिंह बावा, राजेश कुमार और मनिंद्र सिंह तथा कोष प्रभारी गुलाब सिंह हैं। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों, विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने भी भाग लिया।
