संगरिया। राजस्थान राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सोमवार को ब्लॉक अध्यक्ष पंकज गोदारा के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी संगरिया को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कर्मचारियों ने प्रमुख मांगों में आरजीएचएस योजना के निजीकरण पर रोक लगाने, वेतन कटौती एवं परिलाभों के भुगतान में हो रही देरी को समाप्त करने, तहसीलदारों के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने, उपखंड कार्यालयों में नए पद सृजित करने, कैडर रिव्यू और डीपीसी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग रखी। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ये कर्मचारियों की न्यायोचित मांगें हैं और यदि इन पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष पंकज गोदारा सहित विनोद राहड़, संजय शर्मा, जितेंद्र सिंह, गुरजीत सिंह, हरविंद्र सिंह, सुधा रानी सहित अन्य राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी मौजूद रहे।
