हनुमानगढ़। आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की अवधारणा को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना की ओर से शुरू किए गए नवाचार रात्रि चौपाल के तहत सदर पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम पक्का सहारणा में जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद बढ़ाकर सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला ने मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लिया और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान स्थानीय बीट अधिकारी एएसआई जसकरण सिंह, बीट प्रभारी कांस्टेबल महेंद्र, ग्राम पंचायत प्रशासक सरोज सहारण, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक सहित ग्रामीण और युवा मौजूद रहे। रात्रि चौपाल से प्रेरित होकर ग्राम पंचायत प्रशासक सरोज सहारण ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पंचायत फंड से मुख्य बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की। इस घोषणा का ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया। चौपाल के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की स्थानीय और राजस्व संबंधी समस्याओं को विस्तार से सुना। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और थानाधिकारी को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।
नशे के खिलाफ जनसहभागिता पर जोर
अधिकारियों ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा सामाजिक बुराई के साथ अपराधों की जड़ भी है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अवैध नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया गया। ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए कहा गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या संदिग्ध लिंक साझा नहीं करें। ऑनलाइन लालच और फर्जी कॉल से सावधान रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि हनुमानगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर है तथा ‘रात्रि चौपाल’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का माहौल और मजबूत किया जा रहा है। इस दौरान नशा तस्करों की सूचना के लिए व्हाट्सएप नम्बर 87645-31201, विशेष पुलिस हेल्पलाइन व्हाट्सएप नम्बर 95304-32468 तथा आपातकालीन सहायता नम्बर 112/100 की जानकारी भी दी गई।
