हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के चक 15 एमडी में खेत में पानी लगाते समय एक अधेड़ व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। खेत में बेसुध हालत में मिलने पर उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में टाउन थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज की है। पुलिस के अनुसार गांव मुण्डा निवासी मुख्त्यार सिंह पुत्र दलीप सिंह रायसिख ने जानकारी दी कि उसका भाई सतनाम सिंह (45) सोमवार को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच चक 15 एमडी स्थित बलवीर डाल के खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान खेत मालिक बलवीर अपराह्न करीब 3 बजे खेत में पहुंचा तो सतनाम सिंह खेत में बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। बलवीर ने उसे संभालने का प्रयास किया और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन सतनाम सिंह को तत्काल टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच एएसआई राजाराम स्वामी कर रहे हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।
