हनुमानगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोगामेड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गोगामेड़ी थाना प्रभारी चन्द्रकला के नेतृत्व में गठित टीम सोमवार शाम को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रात्रि में रोही परलीका क्षेत्र में परलीका से राजपुरिया रोड पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुनीराम (29) पुत्र पीरदान जाट निवासी वार्ड नम्बर 12, परलीका के कब्जे से पॉलीथिन थैली में रखी 26.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच फेफाना थाना प्रभारी एसआई नरेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।
