हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टिब्बी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6.39 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ मोटर साइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना टिब्बी थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। थाना प्रभारी हंसराज मीना के नेतृत्व में एसआई हरबंशलाल व पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान रोही गुडिया क्षेत्र में मोटर साइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 6.39 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी आदिल (22) पुत्र अयूब नियारगर निवासी वार्ड नम्बर 5, आसमीन वीडियो के पास, भानीपुरा मोहल्ला, नोहर तथा सोमिल महतो उर्फ सोनू (19) पुत्र रामआशीष निवासी वार्ड नम्बर 5, सोनड़ी रोड, भानीपुरा मोहल्ला, नोहर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में टिब्बी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच सूरेवाला चौकी प्रभारी एसआई रमेश चन्द्र कर रहे हैं। कार्रवाई में एसआई हरबंशलाल, हैड कांस्टेबल मानाराम तथा कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे।
