हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र की भ_ा कॉलोनी में मंगलवार सुबह घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में महिला की पीठ में चाकू इतनी गहराई तक धंस गया कि उसे निकालने के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में ऑपरेशन करना पड़ा। घायल महिला की पहचान परमजीत कौर के रूप में हुई है। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लहूलुहान हालत में महिला को पहले जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बीकानेर रेफर कर दिया गया। जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि वार्ड नम्बर 12 स्थित भ_ा कॉलोनी निवासी परमजीत कौर के साथ उसके पति परमजीत सिंह ने मारपीट की। इसी दौरान आरोपी ने पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में चाकू महिला की पीठ के निचले हिस्से में गहराई तक धंस गया। घटना मंगलवार सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। गंभीर हालत को देखते हुए महिला को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम ने तत्काल ऑपरेशन किया। काफी देर तक चली सर्जरी के बाद महिला के शरीर में फंसा चाकू सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया। ऑपरेशन के बाद महिला को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति परमजीत सिंह को राउंडअप कर लिया। वहीं महिला के परिजनों की ओर से महिला पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार दंपती के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था, हालांकि विवाद के वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
