हनुमानगढ़। गांव मक्कासर के ग्रामीणों ने बुधवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव की मुख्य गलियों से गुजरने वाली मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, ट्रालों, डंपरों एवं अन्य भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है। ग्राम पंचायत प्रशासक बलदेव सिंह के नेतृत्व में जिला कलक्टर से मिले ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की नाली बेल्ट क्षेत्र की कृषि भूमि से अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर ओवरलोड वाहनों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ जेसीबी संचालक, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं डंपर मालिक मिट्टी की खुदाई कर वाहनों को ओवरलोड भरकर गांव की मुख्य गलियों से प्रतिदिन करीब 400 से 500 चक्कर लगा रहे हैं। इन वाहनों की तेज गति एवं लापरवाही से आवाजाही के कारण आमजन के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि विशेष रूप से गली नम्बर 2 में गांव का गुरुद्वारा एवं दो स्कूल स्थित हैं, जहां सुबह-शाम संगत एवं छोटे बच्चों की आवाजाही रहती है। ऐसे में भारी वाहनों के आवागमन से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में ग्रामीणों तथा ग्राम पंचायत के सरपंच एवं प्रशासक स्तर पर कई बार वाहन संचालकों को समझाइश दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिक चक्कर लगाने और ज्यादा किराया कमाने की होड़ में वाहन चालक तेज गति एवं ओवरलोड वाहनों से गांव में अव्यवस्था फैला रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकांश वाहन संचालकों के पास मिट्टी खुदाई के लिए सक्षम अधिकारी की विभागीय स्वीकृति भी नहीं है। मामले को लेकर जंक्शन पुलिस थाना में भी शिकायत दी गई थी, जिस पर मक्कासर बीट अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर चालकों को समझाइश दी, लेकिन उसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की मुख्य गलियों से मिट्टी से भरे वाहनों का आवागमन तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर वेद मक्कासर, कुलदीप सिंह, जगदीश, हरनेक सिंह, मन्दर सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
