हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड संख्या 58 में मूलभूत सुविधाओं की कमी और लंबे समय से बनी हुई सीवर समस्या को लेकर बुधवार को आक्रोशित वार्डवासियों ने मदनलाल के नेतृत्व में प्रदर्शन कर नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि वार्ड में पिछले लंबे समय से सीवर जाम, गंदगी, जल निकासी की समस्या और खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन कई बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो रहा।

वार्डवासी सतीश ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से सीवर चैम्बर से गंदा पानी निकलकर सड़कों पर जमा हो रहा है। नगर परिषद के कर्मचारी समय-समय पर आकर सीवर की सफाई कर जाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि आगे की लाइन में सीवर जाम होने के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। सीवर का गंदा पानी सड़कों और घरों के सामने जमा रहने से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। इससे आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा वार्ड में बनी नालियां भी कचरे से अटी पड़ी हैं, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है और जगह-जगह गंदा पानी जमा हो रहा है। सतीश ने कहा कि गंदगी और जलभराव के कारण वार्ड में मच्छरों की भरमार हो गई है तथा बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। सफाई कर्मचारी भी कभी-कभार ही वार्ड में नजर आते हैं, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के विकसित और बड़े आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई होती है, जबकि निम्न वर्ग के लोगों के मोहल्लों में सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि सीवर लाइन की समुचित सफाई कर स्थायी समाधान किया जाए तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। वार्डवासी विनोद भाटी ने बताया कि वार्ड में लगे कई विद्युत पोलों की स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जबकि कुछ लाइटें दिन के समय भी जलती रहती हैं। वहीं रात के समय आवश्यकता होने पर कई स्थानों पर अंधेरा छाया रहता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से मांग की कि खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करवाया जाए तथा वार्ड में नियमित सफाई और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
