हनुमानगढ़। राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के लिए देवस्थान विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया 27 मई से शुरू होगी और 10 जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे। पात्र वरिष्ठजन ई-मित्र केन्द्र या घर से कंप्यूटर के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए संबंधित व्यक्ति का जनाधार कार्ड होना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। आवेदन करते समय जनाधार कार्ड के साथ चिकित्सा प्रमाण पत्र भी अपलोड करना आवश्यक रहेगा। सहायक आयुक्त के अनुसार यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क होगी। इस बार राज्य सरकार की ओर से एसी ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, जिनके माध्यम से देशभर के 14 प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को करवाई जाएगी। इसके अलावा देश के बाहर नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा भी योजना में शामिल की गई है। इस यात्रा के तहत 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई जहाज से काठमांडू ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना की शर्तांे और अन्य जानकारी के लिए इच्छुक वरिष्ठजन विभाग के पोर्टल पर विवरण देख सकते हैं। साथ ही अधिक से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिकों से योजना में आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि क्षेत्र के अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
