– बंद एसी, गंदे शौचालय और अनुपस्थित कर्मचारी मिलने पर नाराज हुए कलक्टर, सफाई प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश, तीन दिन में सुधार का अल्टीमेटम
हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं की शिकायत मिलने पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भारी अव्यवस्थाएं और लापरवाही सामने आने पर कलक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई तथा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलक्टर रामाश्रय वार्ड पहुंचे और भर्ती मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मरीजों ने शिकायत की कि भीषण गर्मी के बावजूद वार्ड के एसी बंद पड़े हैं, जिससे मरीजों और परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण में वार्डांे के शौचालय गंदगी से अटे मिले और कई टॉयलेट ब्लॉक पाए गए। इस पर कलक्टर ने नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया और सफाई प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पर्ची काउंटरों के बाहर लगे पंखे बंद मिले, जिससे गर्मी में मरीज परेशान दिखाई दिए। अस्पताल परिसर के कई स्थानों पर कूलर तक नहीं मिले, जिस पर कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान कुछ काउंटरों पर कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। इस पर कलक्टर ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी देते हुए तीन दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक लोक सेवाएं दिव्य चौधरी तथा पीएमओ डॉ. शंकर सोनी भी मौजूद रहे।
