हनुमानगढ़। भारतीय डाक विभाग की ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना ने एक बार फिर सामाजिक सुरक्षा और भरोसे की मिसाल पेश करते हुए एक परिवार को दु:ख की घड़ी में आर्थिक सहारा प्रदान किया है। ग्राम चक सदासिंहवाला, पोस्ट ऑफिस लोंगवाला, तहसील पीलीबंगा निवासी हंसराज (49) पुत्र लीलूराम ने अगस्त 2023 में ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना के तहत एक लाख रुपए की बीमा पॉलिसी ली थी। यह पॉलिसी 13 वर्ष की अवधि के लिए थी, जिसमें अब तक केवल दो प्रीमियम किस्तें जमा करवाई गई थीं। करीब दो वर्ष बाद हृदयाघात के कारण हंसराज का निधन हो गया। इसके बाद भारतीय डाक विभाग की सीपीसी पीएलआई शाखा, प्रधान डाकघर हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से मृत्यु दावा प्रक्रिया पूरी कर नामांकित सदस्य उनकी पत्नी रोशनी देवी को 1 लाख 12 हजार 783 रुपए का चेक सौंपा गया। चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रधान डाकपाल पुरुषोत्तम कुक्कड़, डाक जीवन बीमा सीपीसी सुपरवाइजर अरुण बंसल, डाक जीवन बीमा विकास अधिकारी सुशील पूनिया तथा ग्राम लोंगवाला के पूर्व शाखा डाकपाल श्रवण कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है तथा विपरीत परिस्थितियों में परिवारों को आर्थिक संबल उपलब्ध करा रही है।
