हनुमानगढ़। हथकढ़ शराब की कशीदगी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जिले में कार्रवाई करते हुए 5000 लीटर उत्तेजित लाहन और 8 कच्ची भट्ठियां नष्ट की हैं। कार्रवाई के दौरान एक प्रकरण भी दर्ज किया गया। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार 1 मई से 31 मई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कलक्टर के निर्देशन में शुक्रवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गांव गगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट और श्रीनगर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान करीब 5000 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब निर्माण के लिए तैयार वॉश) नष्ट किया गया, साथ ही 8 कच्ची भट्ठियां भी ध्वस्त की गईं। इस दौरान एक आबकारी प्रकरण दर्ज किया गया। पटावरी ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 32 हजार 750 लीटर उत्तेजित लाहन नष्ट किया जा चुका है। इसके अलावा 35 कच्ची भट्ठियां नष्ट करने के साथ 74 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग ने कार्रवाई के दौरान 5 मोटर साइकिल और एक ट्रक भी जब्त किया है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 140 आबकारी प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। आबकारी विभाग के अनुसार हथकढ़ शराब की कशीदगी और बिक्री की रोकथाम के लिए लगातार रेड और गश्त अभियान चलाया जा रहा है तथा भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह तथा जमादार हुसैन खान सहित आबकारी टीम शामिल रही।
