– सीसीटीवी फुटेज से खुलासा, पकड़ी गई महिला से कुछ आभूषण बरामद
हनुमानगढ़। टाउन बाजार स्थित एक ज्वैलर्स दुकान में जेवर खरीदने के बहाने एक पुरुष के साथ पहुंची दो महिलाओं ने आभूषण चोरी कर लिए। लेकिन सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरी का तत्काल पता चल गया। घटना का पता चलने पर दुकान संचालक ने मौके पर ही एक महिला को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। कालाजी ज्वैलर्स के संचालक विपिन सोनी ने टाउन थाना में दिए परिवाद में बताया कि गुरुवार रात करीब 8.30 बजे दो अज्ञात महिलाएं और एक पुरुष उनकी दुकान पर जेवर खरीदने के बहाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक महिला ने सुनार की नजर बचाकर दुकान से चांदी की पाजेब, अंगूठियां और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर हुई। विपिन सोनी के अनुसार घटना के समय महिला पर शक होने पर उसे मौके पर ही रोक लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया गया। हालांकि उसके साथ आई दूसरी महिला और पुरुष मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़ी गई महिला को पूछताछ के लिए थाना ले गई। दुकान संचालक ने पुलिस से मांग की है कि महिला और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर शेष चोरीशुदा सामान बरामद किया जाए तथा फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
