– फॉल्ट सुधार में हो रही देरी, अधिक लोड से बढ़ीं बिजली शिकायतें
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच जिला मुख्यालय पर बिजली संबंधी समस्याओं से आमजन परेशान हैं। एक ओर गर्मी के पीक सीजन में बिजली की मांग बढ़ी है तो दूसरी ओर तकनीकी कर्मचारियों की कमी और जनगणना ड्यूटी के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। जानकारी के अनुसार हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से अधिक लोड के कारण रात्रिकालीन बिजली शिकायतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। फॉल्ट सुधार में देरी के चलते कई स्थानों पर बिजली कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच विवाद की स्थिति भी सामने आई है। देरी से पहुंचने पर नाराज लोग कर्मचारियों से उलझ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिजली विभाग के 13 तकनीकी कर्मचारियों को जनगणना कार्य में लगाया गया है। कर्मचारियों की कमी के बीच इस व्यवस्था से फॉल्ट निस्तारण प्रभावित हो रहा है। निजीकरण प्रक्रिया के बाद पहले से ही विभाग में स्टाफ की कमी बताई जा रही है, वहीं अब अतिरिक्त जनगणना दायित्व से कार्यभार और बढ़ गया है। स्थिति यह है कि कई जीएसएस पर कार्यरत कर्मचारी निर्धारित 8 से 12 घंटे की बजाय लगातार 24 घंटे तक ड्यूटी कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर एक ही कर्मचारी से जीएसएस संचालन और फील्ड ड्यूटी दोनों कार्य करवाए जा रहे हैं।

लगातार बढ़ते कार्यभार के कारण कर्मचारी तनाव में हैं, जबकि आमजन को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सूत्रों के अनुसार रात्रि के समय अधिक लोड के चलते शिकायतों के निस्तारण के लिए एईएन और जेईएन स्तर के अधिकारी भी 20 से 22 घंटे तक कार्य कर रहे हैं। टाउन स्थित जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता कार्यालय में तैनात भारतीय मजदूर संघ के संतोष कुमार ने भीषण गर्मी के दौरान बिजली कर्मचारियों को जनगणना कार्य में लगाने का विरोध जताया है। उनका कहना है कि वर्तमान में तापमान 45 से 50 डिग्री तक पहुंच रहा है और हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में कर्मचारियों को जनगणना कार्य से मुक्त कर बिजली आपूर्ति और फॉल्ट सुधार कार्य में लगाया जाना चाहिए। नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बिजली कर्मचारियों को जनगणना ड्यूटी से हटाकर बिजली व्यवस्था सुधार में लगाया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनाक्रोश बढ़ सकता है।
जनगणना ड्यूटी से कर्मचारियों को मुक्त करने की मांग
हनुमानगढ़ टाउन जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता (वितरण) कार्यालय की ओर से अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर तकनीकी कर्मचारियों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त करवाने की मांग की गई है। सहायक अभियंता (वितरण) मुकेश शर्मा ने पत्र में उल्लेख किया है कि स्थानीय प्रशासन की ओर से उपखंड कार्यालय के कई कर्मचारियों की जनगणना ड्यूटी लगाई गई है। जबकि वर्तमान में भीषण गर्मी, बढ़ते बिजली लोड और कर्मचारियों की कमी के कारण विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त स्टाफ की आवश्यकता है। पत्र में बताया गया कि उपखंड क्षेत्र के कई जीएसएस ऐसे हैं, जिनका संचालन पूरी तरह निगम कार्मिकों की ओर से किया जा रहा है। इन कर्मचारियों के जनगणना कार्य में लगाए जाने से बिजली व्यवस्था प्रभावित होने और फॉल्ट निस्तारण में दिक्कतें सामने आ रही हैं। पत्र के माध्यम से संबंधित कर्मचारियों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त कर विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
