- डीएचबीवीएन के डायरेक्टर डॉ. योगेश बिदानी ने सुनीं आमजन की शिकायतें
हरियाणा/हिसार। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की ओर से डबल फाटक स्थित बिजली निगम परिसर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हिसार सब डिवीजन के उपभोक्ताओं की बिजली एवं सोलर ऊर्जा से संबंधित समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई की गई। समाधान शिविर में मुख्य रूप से डीएचबीवीएन के डायरेक्टर डॉ. योगेश बिदानी उपस्थित रहे। उनके साथ चीफ इंजीनियर राजेन्द्र सभरवाल, सुपरिटेंडेंट इंजीनियर एफआर नकवी, कार्यकारी अभियंता रविन्द्र सिंह तथा उपमंडल अधिकारी अंकित सिंह, मनदीप कुण्डू, परवीन कुमार और मनीष कुमार भी मौजूद रहे। शिविर के दौरान कुल 41 शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं शेष शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर डॉ. योगेश बिदानी ने कहा कि निगम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के समाधान शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि आमजन की समस्याओं का समाधान उनके बीच पहुंचकर किया जा सके। कार्यक्रम में जन परिवाद समिति के सदस्य राजेन्द्र सपड़ा, रामचन्द्र गुप्ता, एमसी राजेश अरोड़ा, विनोद गोयल, हिमांशु महता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता- राजेश सलूजा
