हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के दौर में जिला मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड परिसर में न तो ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही अधिकांश पंखे चल रहे हैं। वहीं सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है, जिससे यात्रियों, कर्मचारियों और दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मचारी पृथ्वीसिंह महला ने बताया कि जंक्शन बस स्टैंड पर गर्मी के बावजूद पेयजल की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। अधिकतर समय पानी की टंकी खाली रहती है, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों और दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि परिसर में लगे कई पंखे खराब होने के कारण बंद पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बस स्टैंड परिसर में नशेड़ी प्रवृत्ति के युवक यात्रियों के आसपास मंडराते रहते हैं, जबकि पुलिस गश्त नियमित नहीं होने से कभी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। बस स्टैंड परिसर में फलों सहित अन्य खाद्य सामग्री की रेहड़ियां भी अव्यवस्थित तरीके से लगाई जा रही हैं, जिससे बसों की आवाजाही प्रभावित होती है। वहीं निराश्रित पशुओं और आवारा कुत्तों की मौजूदगी भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। महला ने बताया कि खाद्य सामग्री की दुकानों पर काम करने वाले कुछ लोग एक साथ बसों में चढ़ जाते हैं।

कई बार उनके बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। साथ ही मिलावटी खाद्य सामग्री बेचे जाने की आशंका भी जताई गई। सफाई व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि यात्रियों के बैठने वाले स्थानों के आसपास अक्सर कचरा बिखरा रहता है और नियमित सफाई नहीं हो रही। मंगलवार को सूरतगढ़ जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचे मक्कासर निवासी राकेश कालवा ने कहा कि बस स्टैंड की स्थिति देखकर यह नहीं लगता कि यह जिला मुख्यालय का मुख्य बस स्टैंड है। यहां पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था और स्वच्छता का अभाव है। उन्होंने बताया कि सुलभ शौचालय में शुल्क लिया जा रहा है, जबकि केवल एक पंखा ही संचालित है और ठंडे पानी की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने जिला कलक्टर से बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देखने की मांग की। वहीं राजस्व अधिकारी बब्बू ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में बंद पंखों, सफाई व्यवस्था और वाटर कूलर में ठंडे पानी की सुविधा नहीं होने की शिकायत मिली है। इस संबंध में जंक्शन सीएसआई को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
