हनुमानगढ़। होम्योपैथी चिकित्सा विभाग की ओर से जंक्शन के वार्ड 15 स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में मंगलवार से दो दिवसीय नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर शुरू हुआ। स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति के सहयोग से आयोजित किए जा रहे शिविर का शुभारंभ नगर परिषद की पूर्व उपसभापति एवं समिति संरक्षक नगीना बाई ने किया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष गौरव शर्मा, सचिव मानव तिवाड़ी, अमित तिवाड़ी, प्रदीप गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य और वार्डवासी मौजूद रहे। शिविर में राजकीय होम्योपैथिक औषधालय की प्रभारी डॉ. अंजना कामरा एवं डॉ. संदीप कुमार ने चिकित्सीय सेवाएं दीं, जबकि नर्सिंग स्टाफ शिवभगवान ने दवा वितरण का कार्य संभाला। शिविर में अस्थमा, घुटना एवं जोड़ों के दर्द, चर्म रोग, उदर रोग, बच्चों की बीमारियां, बार-बार होने वाला निमोनिया, दस्त, गुर्दे की पथरी, प्रोस्टेट, पुरानी खांसी और मानसिक रोगों सहित विभिन्न बीमारियों का उपचार किया गया। शिविर के पहले दिन स्थानीय एवं आसपास के वार्डांे से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाओं का नि:शुल्क वितरण किया। इस मौके पर पूर्व उपसभापति नगीना बाई ने शिविर आयोजन के लिए विभाग का आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मिलने से वार्डवासियों को दूर-दराज अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविर प्रभारी डॉ. अंजना कामरा ने बताया कि जिन क्षेत्रों में लोगों में होम्योपैथी के प्रति जागरूकता कम है, वहां जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में केवल एक पद्धति नहीं है, बल्कि सरकार आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, नेचुरोपैथी एवं योग को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने नौतपा के दौरान लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, तेज धूप से बचने तथा दस्त, बुखार जैसी शिकायत होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
