हनुमानगढ़। टाउन शहर की इन्दिरा कॉलोनी और सूर्यनगर क्षेत्र में लगातार बनी हुई पेयजल एवं विद्युत समस्याओं को लेकर बुधवार को नागरिकों ने भाजपा जिला मंत्री शिमला मेहन्दीरत्ता के नेतृत्व में जलदाय विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर स्थाई समाधान की मांग की। जलदाय विभाग के अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन में नागरिकों ने बताया कि इन्दिरा कॉलोनी में अधिकतर पीने के पानी की सप्लाई कुएं के खारे पानी से की जा रही है, जिससे आमजन में घुटनों के दर्द, एलर्जी सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। नागरिकों ने मांग की कि क्षेत्र में मीठे एवं नहरी पानी की मात्रा बढ़ाई जाए तथा पानी सप्लाई का समय निर्धारित किया जाए। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि सूर्यनगर में भी पेयजल सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है। कई बार पानी की आपूर्ति बिना पूर्व सूचना के बंद हो जाती है, जिससे लोग पीने के पानी का भंडारण भी नहीं कर पाते। नागरिकों ने मांग की कि इन्दिरा कॉलोनी और सूर्यनगर में नहरी पानी एवं अन्य जल सप्लाई का पूरा समय निर्धारण कर उसकी जानकारी व्हाट्सएप समूहों और समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक की जाए, ताकि लोग जरूरत के अनुसार पानी संग्रह कर सकें। वहीं विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मुकेश शर्मा को सौंपे ज्ञापन में क्षेत्र की लगातार बनी विद्युत समस्याओं को उठाया गया। नागरिकों ने बताया कि इन्दिरा कॉलोनी की गली नम्बर 3 और 4 के बीच लगाया गया अतिरिक्त 100 केवी ट्रांसफार्मर मंगलवार देर रात करीब एक बजे खराब होकर जल गया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने बताया कि इन्दिरा कॉलोनी की गली नम्बर 3 में कई घरों में वोल्टेज कम रहने और बार-बार फॉल्ट आने की समस्या बनी हुई है, जिससे वहां अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके अलावा गली नम्बर 5 में राधेश्याम के मकान से एफसीआई रोड तक पूरी रात बिजली समस्या बनी रही। सूर्यनगर क्षेत्र में भी बार-बार बिजली कटौती, कम वोल्टेज और रात के समय विद्युत व्यवधान की समस्या से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्युत कर्मचारियों से बातचीत में भी क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की आवश्यकता सामने आई है। ज्ञापन में विद्युत विभाग के रात्रिकालीन कार्य और त्वरित समस्या समाधान की सराहना करते हुए मांग की गई कि ट्रांसफार्मरों पर लोड की जांच कर क्षमता के अनुरूप भार वितरण किया जाए तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं, ताकि क्षेत्र की समस्या का स्थाई समाधान हो सके। इस मौके पर भगवानाराम, नारायण दास, मीनू, नरेश, रघुवीर, नरेश सियाग, रघुवीर सोनी, पवन मुंजाल, महेंद्र सोनी, नारायण सिंधी, भगवान सेन, पूर्व आयुक्त राकेश मेहंदीरता व मीनू अरोड़ा मौजूद रहे।
