हनुमानगढ़। कनाडा स्थित भारतीय दूतावास में नौकरी दिलाने, विदेश भेजने और सरकारी पद पर नियुक्ति कराने का झांसा देकर करीब एक करोड़ रुपए की ठगी करने के आरोप में जंक्शन थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया है। मामले में हरियाणा के कई लोगों सहित एक कथित गिरोह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 2, ढाणी कनवानी पीएस टिब्बी निवासी सुन्दर सिंह पुत्र ओमप्रकाश ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय हनुमानगढ़ में इस्तगासा पेश किया था। परिवादी ने आरोप लगाया कि हरियाणा निवासी विकास पुत्र राजबीर ने उसकी मुलाकात परमवीर, संदीप कुमार और अन्य लोगों से करवाई, जिन्होंने खुद को सरकारी विभागों और आयोगों में प्रभावशाली पहुंच रखने वाला बताया। परिवाद में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने कनाडा में भारतीय दूतावास में डबल एजी पद पर नौकरी दिलाने, बिना परीक्षा नियुक्ति करवाने तथा विदेश भेजने का झांसा देकर अलग-अलग समय पर उससे भारी रकम ऐंठ ली। आरोप है कि परिवादी से नकद और बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से एक करोड़ से अधिक रुपए ले लिए गए। इसके अलावा सोने की अंगूठी, गोल्ड ब्रेसलेट और महंगे मोबाइल-लैपटॉप भी कथित रूप से हड़प लिए गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र, सरकारी मोहरें, ओएमआर शीट और दस्तावेज दिखाकर विश्वास में लिया। कई बार पंचकूला, हिसार और चंडीगढ़ बुलाकर अलग-अलग लोगों से मिलवाया गया। आरोपियों पर फर्जी वीजा, मानव तस्करी, डंकी रूट से विदेश भेजने और नकली नोटों की पेशकश जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे झूठे मामलों में फंसाने, अपहरण करने और जान से मारने की धमकियां दीं। सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के जरिए भी डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया है। मामले में विकास, परमवीर, राहुल कुमार, संदीप कुमार, मोहिता, साहिल, मन्नत, कुलदीप सिंह, प्रीति, सतीश कुमार सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट के प्रावधानों में मामला दर्ज कर जांच सुरेशिया चौकी प्रभारी एसआई गुरदेव सिंह को सौंपी है।
