हनुमानगढ़। बार एंड रेस्टोरेंट में खाने के बिल को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों की ओर से होटल में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और नकदी ले जाने का मामला सामने आया है। जंक्शन थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 34, गणपति नगर, श्रीगंगानगर निवासी 28 वर्षीय अपूर्व शर्मा पुत्र अरुण कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दी कि उसका हनुमानगढ़ जंक्शन में रिलायंस ट्रेंड्स के पास तिवाड़ी कॉलोनी में ब्लैक आउट बार एंड रेस्टोरेंट नाम से होटल है। 28 मई को दोपहर करीब 2.30 बजे हिमांशु नेपाली, सुनील बिहारी और उनके साथ 4-5 अन्य व्यक्ति होटल पर आए और खाना खाया। आरोप है कि बिल चुकाने के दौरान रुपए को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज और हाथापाई की तथा वहां से चले गए। कुछ देर बाद वही लोग हाथों में डंडे और हथियार लेकर दोबारा होटल में घुस आए। उन्होंने होटल के मेन गेट के शीशे तोड़ दिए, झूमर क्षतिग्रस्त कर दिए तथा कुर्सियां और मेजें उलटकर होटल में जमकर तोड़फोड़ की। इसके अलावा काउंटर में रखे करीब 5400 रुपए भी निकाल ले गए। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने होटल संचालक और स्टाफ के साथ मारपीट की, जिससे चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में हिमांशु नेपाली, सुनील बिहारी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई कृष्णलाल को सौंपी है।
