हनुमानगढ़। खेत में पानी की बारी को लेकर हुए विवाद में 75 वर्षीय बुजुर्ग किसान के साथ मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जिला चिकित्सालय में भर्ती चक 9 आरपी निवासी 75 वर्षीय चिराग मोहम्मद पुत्र शक मोहम्मद उर्फ इशाक मोहम्मद ने पर्चा बयान में बताया कि वह खेती करता है तथा उसके खेत की पानी की बारी 27 मई की रात 11 बजे से 2.10 बजे तक की थी। वह असकर अली के खेत से होकर अपने खेत का पानी तोड़ता है। चिराग मोहम्मद ने बताया कि 27 मई की रात करीब 11 बजे वह पानी तोड़ने के लिए खाला पर पहुंचा तो वहां रसीद पुत्र असकर अली और इमदाद पुत्र असकर अली मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने उसे पानी नहीं तोड़ने दिया। इसी दौरान इमदाद ने उसके थप्पड़ मारा, जबकि रसीद ने कस्सी से उसके सिर पर वार कर दिया। शोर सुनकर असकर अली भी मौके पर पहुंच गया और तीनों पिता-पुत्रों ने उसके साथ थाप-मुक्कों से मारपीट की। घायल चिराग मोहम्मद ने बताया कि उसके चिल्लाने पर उसकी पुत्रवधू इमना पत्नी अजूब मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। सिर से खून बहने पर उसे पहले रावतसर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय चिकित्सालय टाउन रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई जसवंत सिंह को सौंपी है।
