हनुमानगढ़। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह भाटी ने एक व्यक्ति पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए नोहर पुलिस थाना में शिकायत दी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है। पुलिस को दिए प्रार्थना-पत्र में जसवंत सिंह भाटी पुत्र भोपाल सिंह राजपूत निवासी वार्ड संख्या 1, दुर्गा कॉलोनी, नोहर ने बताया कि 29 मई को उनके मोबाइल नम्बर पर एक नम्बर से पहले मिस्ड कॉल आई और बाद में उसी नम्बर से कॉल प्राप्त हुई। शिकायत के अनुसार कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम मांगीलाल गोदारा निवासी गुसाईंसर, सूरतगढ़ बताया। भाटी का आरोप है कि कॉल करने वाले ने कर्मशाना गांव स्थित कृषि भूमि को आत्माराम के नाम करवाने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर उन्हें, उनके परिवार तथा उनके निकट संबंध रखने वाले लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने कथित रूप से घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थना-पत्र में जसवंत सिंह भाटी ने कहा कि संबंधित कृषि भूमि उनकी खरीदी हुई भूमि है और वर्तमान में उस पर किसी प्रकार का विवाद नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आरोपी स्वयं अथवा अपने साथियों के माध्यम से उन्हें, उनके परिवार या मित्रों को नुकसान पहुंचा सकता है। भाटी ने नोहर थाना प्रभारी से आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है। मामले में पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।
