हनुमानगढ़। श्री हरि गौशाला समिति, चक हरीपुरा (हनुमानगढ़) की ओर से 31 मई, रविवार को गौसेवा और धार्मिक जागरण के उद्देश्य से ‘एक दिन गौमाता के नाम’ भजन धारा प्रभा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम गौशाला प्रांगण में सुबह 9.15 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में विभिन्न संत-महात्माओं का सान्निध्य प्राप्त होगा। महंत बालयोगी रुपनाथ महाराज, जित्वानंद महाराज (ऐलनाबाद), महंत सुमेर गिरी महाराज तथा स्वामी मंगलानंद गिरी महाराज सहित अनेक संत कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महंत बालयोगी रुपनाथ महाराज (अध्यक्ष, सरपंच एसोसिएशन राजस्थान) होंगे। वहीं महंत कमलनाथ महाराज, संयोजक हिन्दू सेना राजस्थान, भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। भजन संध्या में भजन गायक डॉ. ओम मुंडेल डिगराना तथा भजन गायक देवेन्द्र लाम्बिया प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन समिति का कहना है कि भजनों और प्रवचनों के माध्यम से गौसेवा, धर्म और समाजहित के संदेश दिए जाएंगे। समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है। कार्यक्रम के अध्यक्ष पूर्णराम घोटिया, उपाध्यक्ष मदनलाल खीचड़ तथा कोषाध्यक्ष सादुल सिंह पूनिया ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस धार्मिक आयोजन में चक हरीपुरा सहित आसपास के गांवों मसीतांवाली हैड, मुंडा, शेरगढ़ और मटोरियांवाली ढाणी के ग्रामीण भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
