हनुमानगढ़। चौधरी कुम्भाराम आर्य लिफ्ट नहर से कथित रूप से पानी चोरी कर खेतों की सिंचाई करने का मामला सामने आया है। नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक थाना, नोहर में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार सर्वे एवं अन्वेषण लिफ्ट उपखंड द्वितीय, रावतसर के सहायक अभियंता शिव कुमार चौहान पुत्र दलीप कुमार चौहान निवासी नया गांव पीएस रूपवास जिला भरतपुर ने थाना में रिपोर्ट पेश कर बताया कि 28 मई को अधिशाषी अभियंता के निर्देश पर विभागीय टीम ने चौधरी कुम्भाराम आर्य लिफ्ट नहर पर निरीक्षण एवं गश्त की। निरीक्षण के दौरान नहर के किलोमीटर 45.950 पर दाईं पटरी पर पानी फैला हुआ मिला तथा पाइप के निशान दिखाई दिए। जांच में नहरी भूमि में भूमिगत पाइप लाइन मिली, जिसे ट्रेस करने पर वह खसरा संख्या 398/1 स्थित खेत तक जाती पाई गई। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार यह भूमि रोहताश पुत्र हुकमाराम एवं अन्य के नाम दर्ज है। अधिकारियों ने पाइप लाइन का पीछा करते हुए आगे जांच की तो खसरा संख्या 401 में भूमिगत पाइप लाइन से निकला नक्का दो खालों से जुड़ा मिला। इनमें से एक खाला खेत में बनी डिग्गी तक पहुंच रहा था। मौके पर खालों में ताजा पानी बहने के निशान मिले तथा डिग्गी के पास खड़ी फसल में हाल ही में सिंचाई किए जाने के प्रमाण भी पाए गए। विभागीय टीम का आरोप है कि अज्ञात दोषियों ने नहर का पक्का डॉवल और पटड़ा तोड़कर अवैध रूप से पानी चोरी किया तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। मौके से डिग्गी और नहर के पानी के नमूने लिए गए। साथ ही बरामद पाइपों को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द किया गया। मामले में आबपाशी रिपोर्ट, जमाबंदी प्रतियां, क्षति का तखमीना तथा अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपे गए हैं। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच थाना प्रभारी एसआई हनुमान प्रसाद को सौंपी गई है। जांच के आधार पर दोषी व्यक्तियों की भूमिका निर्धारित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
