हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र की अमरपुरा ढाणी में पुरानी रंजिश के चलते कथित रूप से हथियारबंद लोगों की ओर से दो ढाणियों में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आने पर हनुमानगढ़ टाउन के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया। पीलीबंगा थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अमरपुरा ढाणी निवासी मुख्तयार सिंह पुत्र लटकन सिंह रायसिख ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका रतनपुरा रोड पर खेत है, जहां दो अलग-अलग ढाणियों में उसका पुत्र सोमा सिंह तथा दामाद गुरचरण सिंह अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 30 मई की रात करीब 8 बजे गजन सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, काका सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, जस्सी, बंटी पुत्र गजन सिंह, सिपी कौर, हर्षदीप कौर पुत्री गजन सिंह, पम्मी बाई पत्नी काका सिंह तथा अन्य व्यक्ति एक पिकअप डाला वाहन और दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर हथियारों से लैस अवस्था में मौके पर पहुंचे। परिवादी के अनुसार आरोपी दोनों ढाणियों में जबरन घुस गए और सोमा सिंह, गुरचरण सिंह, परमजीत कौर, राज कौर तथा गगनदीप सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि जस्सी ने जान से मारने की नीयत से सोमा सिंह के सिर पर कापे से वार किया, जबकि बंटी के पास पिस्तौल थी। शोर-शराबा और सूचना मिलने पर मुख्तयार सिंह, उसकी पत्नी कौशल्या, पुत्र श्योपत, भतीजा राजू तथा अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से राजकीय चिकित्सालय पीलीबंगा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मुख्तयार सिंह की रिपोर्ट पर गजन सिंह, काका सिंह एवं अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
