हनुमानगढ़। एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ननद पर दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा घर से निकालने का आरोप लगाते हुए टिब्बी पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव पन्नीवाली निवासी पूजा (30) पत्नी सुभाष सुथार ने अपने पिता मोहनलाल के साथ उपस्थित होकर रिपोर्ट दी कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को तहसील टिब्बी के ही गांव रामपुरा मटोरिया निवासी सुभाष पुत्र धर्मपाल सुथार के साथ हुई थी। विवाह के दौरान उसके परिवार की ओर से कार, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान सहित लाखों रुपये का दहेज दिया गया था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि शादी के करीब तीन माह बाद पति सुभाष, सास कैलाश देवी और ननद रानी ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोपियों की ओर से स्कॉर्पियो गाड़ी, 10 लाख रुपए नकद और सोने का कड़ा लाने के लिए दबाव बनाया जाता था तथा मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित किया जाता था। पूजा ने बताया कि उसके पिता मोहनलाल और भाई जयपाल कई बार ससुराल पक्ष को समझाने गए, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि 31 मई 2026 को पति, सास और ननद ने उसके साथ मारपीट की। उसके मुंह में जबरन उंगलियां डालकर कपड़ा दबाया गया तथा चुन्नी से गला दबाने का प्रयास किया गया। महिला के अनुसार उसने मौका पाकर अपने पिता और भाई को फोन कर सहायता मांगी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि उनकी मांगें पूरी किए बिना वे उसे नहीं रखेंगे। इसके बाद विवाहिता को घर से निकाल दिया गया तथा उसका स्त्रीधन भी अपने कब्जे में रख लिया गया। रिपोर्ट और चोटों के आधार पर पुलिस ने पति सुभाष, सास कैलाश देवी और ननद रानी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी हंसराज लूणा की ओर से की जा रही है। पुलिस ने बताया कि चिकित्सीय परीक्षण और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
