हनुमानगढ़। लखूवाली गांव में एक व्यक्ति पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, मारपीट करने और पिस्तौल से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शाह वरीयाम (60) पुत्र यासीन हाजी निवासी वार्ड नम्बर एक, ग्राम पंचायत एक एसटीबी, लखूवाली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 27 मई की रात करीब 8 बजे वह अपने मामा रजाक पुत्र कादर खान के घर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी हजूर अली, उमर फारूक पुत्र अरसाद, मुस्ताक, शल्फाज पुत्र मोहम्मद हुसैन, शकील पुत्र हजूर अली, मोहम्मद ताहिर, सद्दाम पुत्र उम्मेद खान तथा सफल मलूक पुत्र हनीफ कथित रूप से एकराय होकर हथियारों से लैस अवस्था में उसके पीछे-पीछे घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान गंडासी से हमला किया गया, जिससे उसके हाथ पर गंभीर चोट आई। आरोपी शकील ने जान से मारने की नीयत से अवैध पिस्तौल से उस पर फायरिंग की, हालांकि गोली उसे नहीं लगी। शाह वरीयाम ने बताया कि उसके मामा रजाक ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। मामले में परिवादी के साथ थाने पहुंचे शौकत अली पुत्र गुलाम रसूल निवासी लखूवाली ने भी इसी घटना के दौरान अपनी गाड़ी को नुकसान पहुंचाए जाने की शिकायत दर्ज करवाई है, जिसे पुलिस ने प्रकरण में शामिल किया है। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक किशोर सिंह मान को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की भूमिका के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
