– हाई रिस्क गांवों में 4 जुलाई तक लगेंगे हेल्थ कैंप, हैंड हेल्ड एक्सरे मशीन द्वारा आमजन को उपलब्ध करवाई गई नि:शुल्क एक्सरे सुविधा
हनुमानगढ़। जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन हेतु चिन्हित हाई रिस्क गांवों में 100 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि इसी क्रम में बुधवार को जिला हनुमानगढ़ के अराइयांवाली गांव में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत लोगों को हैंडहेल्ड एक्सरे मशीन द्वारा नि:शुल्क एक्सरे सुविधा उपलब्ध करवाई गई। कैंप के दौरान 120 मरीजों की एक्सरे जांच की गई। शिविर में चेस्ट एक्सरे के साथ साथ हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, बीएमआई एवं रक्तचाप जांच द्वारा आमजन को लाभान्वित किया गया। अब तक आयोजित की जा चुके शिविरों के दौरान कुल 67664 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है जिसमें से कुल 5947 लोगों को चेस्ट एक्सरे की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
