नोहर। नोहर क्षेत्र की अग्रणी संस्था अर्धसैनिक आश्रित सहायता संस्था, नोहर द्वारा मंगलवार को श्री करणी माता मंदिर परिसर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान श्याम सिंह (बिरकाली) का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 39 वर्षों तक देश की सीमाओं की रक्षा करने के बाद घर लौटे श्याम सिंह का संस्था के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने माला पहनाकर तथा साफा बांधकर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में नोहर के विधायक अमित चाचाण सहित बिरकाली एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अर्धसैनिक आश्रित सहायता संस्था के सदस्यों ने श्याम सिंह की दीर्घकालीन राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। सम्मान समारोह के बाद श्याम सिंह को खुली जीप में बैठाकर करणी माता मंदिर से उनके पैतृक गांव बिरकाली तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोषों के बीच निकली रैली में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गांव पहुंचने पर श्याम सिंह ने चौगान में स्थापित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति के प्रति प्रेरित करते हुए देश की सुरक्षा में योगदान देने का संदेश दिया। पूरे समारोह के दौरान राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। स्थानीय नागरिकों ने श्याम सिंह की सेवाओं को देश के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही और क्षेत्रभर में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
