हनुमानगढ़। टाउन के एग्रीकल्चर कॉलेज फार्म क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों की कटाई की सूचना मिलने पर पर्यावरण प्रेमियों में रोष फैल गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे लोगों ने पेड़ कटाई का कार्य रुकवाया और वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काटे गए पेड़ों से भरे वाहन को जब्त कर लिया।

पर्यावरण प्रेमी रोहित शर्मा और एनके शाक्य ने बताया कि एक ओर सरकार भीषण गर्मी के बीच अधिकाधिक पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान चला रही है तथा पक्षियों के लिए पेड़ों पर परिंडे बांधे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एग्रीकल्चर कॉलेज फार्म क्षेत्र में छंटाई के नाम पर हरे-भरे पेड़ों को ऊपर से पूरी तरह काटा जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पेड़ों की कटाई के संबंध में मौके पर कोई स्वीकृति अथवा आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने बताया कि करीब 15 से 20 पेड़ों पर आरी चला दी गई और कटे हुए पेड़ों को ट्रॉली में भरकर ले जाया जा रहा था।

इससे पक्षियों के आशियाने भी उजड़ रहे हैं। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि जिम्मेदारों ने सूखे पेड़ों की कटाई-छंटाई की बात कही, जबकि मौके पर हरे-भरे पेड़ काटे जा रहे थे। उन्होंने कहा कि पेड़ों के कटने से क्षेत्र में छाया का अभाव हो जाएगा। रोहित शर्मा और एनके शाक्य ने बताया कि मामले को लेकर ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से पेड़ों की कटाई किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल हरे पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की मांग की। इधर, मौके पर पहुंचे प्लांट मैनेजर डॉ. मदनलाल ने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और इस संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी।
