हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय की ओर से शनिवार को मीठे एवं शीतल जल की छबील लगाई गई। विश्वविद्यालय परिसर के बाहर लगाई गई छबील पर बड़ी संख्या में लोगों ने शीतल जल ग्रहण किया। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने राहगीरों को मीठा एवं ठंडा पानी वितरित किया। भीषण गर्मी के बीच शीतल जल उपलब्ध होने से लोगों को काफी राहत मिली। छबील की शुरुआत के मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा और परोपकार का विशेष महत्व है। गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना अत्यंत पुण्य का कार्य है। समाज के सक्षम वर्ग और संस्थाओं को समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यांे में भागीदारी निभानी चाहिए, जिससे जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी निरंतर प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय समय-समय पर जनकल्याण, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, योग एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन की सुविधा के लिए शीतल जल की छबील लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। भविष्य में भी विश्वविद्यालय समाजहित के ऐसे सेवा कार्यांे का आयोजन करता रहेगा।
