– वृक्ष मित्र एवं मानव सेवा संस्थान की पहल, पर्यावरण और पक्षी संरक्षण का लिया संकल्प
गोलूवाला। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, 35 एलएलडब्ल्यू परिसर में वृक्ष मित्र एवं मानव सेवा संस्थान, गोलूवाला के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न छायादार एवं औषधीय पौधों का पौधरोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में परिंडे और घोंसले भी लगाए गए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पर्यावरण प्रेमियों को घोंसले भेंट कर पर्यावरण एवं पक्षी संरक्षण का संदेश दिया गया। संस्थान अध्यक्ष नरेंद्र सुथार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और पक्षी संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का आह्वान किया गया। समाजसेवी ओमप्रकाश थोरी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ पक्षियों के लिए जल और आश्रय की व्यवस्था करना भी समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों और पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। संस्थान के संरक्षक बृजलाल छींपा एवं भागीरथ सुथार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाली बापू पाठशाला विकास समिति, विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गोलूवाला के पदाधिकारियों तथा सभी पर्यावरण प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश मांझू ने संस्थान के सभी वृक्ष मित्रों, सहयोगकर्ताओं, अतिथियों एवं पर्यावरण प्रेमियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वृक्ष मित्र एवं मानव सेवा संस्थान द्वारा संचालित पर्यावरण संरक्षण की यह मुहिम सराहनीय है, जो पिछले कई वर्षों से निरंतर जारी है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “एक पेड़, एक घोंसला, एक परिंडा” लगाने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मनोज देपावत एवं प्रेमकुमार वर्मा ने किया।
