हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन सौंपकर हनुमानगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की अवधि बढ़ाने तथा खरीद लक्ष्य में वृद्धि करने की मांग की। इस दौरान भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, पूर्व विधायक धर्मंेद्र मोची, गुरदीप शाहपीनी, अभिषेक मटोरिया, भाजपा नेता अमित सहू तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से लगातार दूसरे वर्ष समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए राज्य स्तर से 150 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दिया गया है, जो पूरे देश में एक अनूठी पहल है। पंजाब और हरियाणा जैसे समृद्ध राज्यों में भी किसानों को ऐसा अतिरिक्त बोनस नहीं मिला है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि हनुमानगढ़ जिले में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का लक्ष्य 7 लाख 94 हजार 433 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया था, जिसके तहत अब तक करीब 1 करोड़ 58 लाख कट्टों की तुलाई हो चुकी है तथा 60 हजार से अधिक किसान परिवारों को इसका लाभ मिला है। गत वर्ष जिले का खरीद लक्ष्य अधिक था, जबकि इस वर्ष उत्पादन में लगभग 9 प्रतिशत वृद्धि होने के बावजूद खरीद लक्ष्य में कमी कर दी गई। इसके कारण लगभग 35 लाख कट्टे गेहूं अभी भी मंडियों में खुले में पड़े हैं। साथ ही खरीद अवधि को 30 जून के बजाय 31 मई तक सीमित किए जाने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की अवधि 6 जून से बढ़ाकर 25 जून तक की जाए तथा जिले के किसानों का गेहूं खरीदने के लिए लगभग 20 लाख क्विंटल का अतिरिक्त लक्ष्य आवंटित किया जाए। साथ ही बढ़े हुए लक्ष्य का उपयोग आवश्यकता के अनुसार विभिन्न खरीद केन्द्रों पर किया जा सके, इसके लिए एकीकृत लक्ष्य जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खरीद लक्ष्य पूरा नहीं होने से किसानों में असंतोष बढ़ रहा है। हाल ही में पीलीबंगा क्षेत्र में किसानों की ओर से हाइवे जाम और रेलवे ट्रैक अवरुद्ध करने जैसी घटनाएं हुई हैं तथा जिला मुख्यालय पर भी आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ऐसे में किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर सकारात्मक माहौल बनाए रखने की आवश्यकता बताई गई।
