गाजीपुर। चर्चित विनीत राय हत्याकांड को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी का प्रस्तावित गाजीपुर दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय प्रशासन के अनुरोध और पीड़ित परिवार की सहमति के बाद लिया गया। जानकारी के अनुसार, श्रीकांत त्यागी को गाजीपुर जाने से रोकने के लिए उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुबह से ही एक डीसीपी, एक एसीपी, छह थानाध्यक्ष, आठ चौकी प्रभारी तथा पीएसी की तीन कंपनियां मौके पर मौजूद रहीं। प्रशासन की पहल पर पीड़ित परिवार और श्रीकांत त्यागी के बीच बातचीत भी कराई गई, जिसमें परिवार ने मामले में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। विनीत राय हत्याकांड के बाद त्यागी, भूमिहार और ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखने को मिली थी। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए गाजीपुर पुलिस और प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। पार्टी ने चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय सीमा में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर गाजीपुर में आक्रोश महारैली आयोजित की जाएगी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश को मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन और पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल का कहना है कि न्याय और समाजहित के मुद्दों पर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। वहीं समर्थकों का दावा है कि सामाजिक मामलों में श्रीकांत त्यागी की सक्रियता के कारण प्रशासन को त्वरित कदम उठाने पड़े हैं। फिलहाल प्रशासन की अपील पर श्रीकांत त्यागी का गाजीपुर दौरा स्थगित कर दिया गया है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक हलचल को और तेज कर दिया है।
