रायसिंहनगर। श्री गुरु रविदास एकता संगठन राजस्थान के तत्वावधान में आगामी 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को रायसिंहनगर स्थित स्टर्लिंग पैलेस में संत शिरोमणि सतगुरु निरंजन दास जी महाराज की हजूरी में विशाल संत समागम आयोजित किया जाएगा। समागम की तैयारियों को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने श्री सचखंड बल्ला (जालंधर) पहुंचकर निमंत्रण पत्र भेंट किया तथा संत महापुरुषों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 11 पीएस निवासी नरेश कुमार चुंबर को श्री गुरु रविदास एकता संगठन राजस्थान का प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। डेरा सचखंड बल्ला (जालंधर) में सतगुरु निरंजन दास जी महाराज ने उन्हें सरोपा पहनाकर आशीर्वाद प्रदान किया। नवनियुक्त प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार चुंबर ने गुरु रविदास जी की कृपा एवं संतों के आशीर्वाद से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष चैन सिंह महे, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरवन कटारिया, प्रदेश महासचिव पाल सिंह रामपुरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार सलहन, जिला अध्यक्ष मनदीप कुमार जखू (सरपंच), जिला कोषाध्यक्ष सुखविंदर पाल भाटिया, अशोक कुमार जखू (प्रधान, गंगानगर), बाबा हरबंस जखू, विजय कुमार मेहरड़ा, बिलासाराम तथा पदमपुर तहसील अध्यक्ष परमजीत (सेवानिवृत्त अध्यापक) सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश महासचिव पाल सिंह रामपुरिया ने बताया कि संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सतगुरु निरंजन दास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा देश-प्रदेश की खुशहाली, सामाजिक सद्भाव, नशा मुक्त समाज और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि आगामी संत समागम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
